शाहजहांपुर। शहर के मोहल्ला शास्त्रीनगर में चोरी की घटना के बाद किशोरों को पकड़ने के लिए उनके पीछे दौड़े दुकानदार का गिरकर पैर टूट गया। पुलिस ने दुकानदार की तहरीर पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर दोनों किशोरों को हिरासत में ले लिया है।
थाना सदर बाजार में क्षेत्र के मोहल्ला शास्त्रीनगर निवासी अजीत कुमार सक्सेना ने रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब 10ः30 बजे खाना खाने घर के अंदर गए थे। इस बीच मोहल्ला तिलहरजई व मदराखेल निवासी दो किशोरों ने उनकी दुकान खाली देख गल्ले से आठ हजार रुपये चोरी कर लिए। दोनों का पीछा करने के दौरान पैर टूट गया। थाना सदर बाजार प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने दोनों किशोरों को हिरासत में ले लिया। उनके पास से करीब दो हजार रुपये बरामद किए। सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि दोनों आरोपियों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। संवाद