शाहजहांपुर के तिलहर क्षेत्र में हाईवे पर रविवार दोपहर दर्दनाक हादसा हुआ। नगरिया मोड़ के पास कंटेनर ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दो लोगों को मौके पर ही मौत हो गई। दोनों के ऊपर से कंटेनर का पहिया गुजर गया था।
शाहजहांपुर के थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव डींगुरपुर की प्रधान सावित्री के 40 वर्षीय बेटे जसपाल सिंह व उनके रिश्तेदार 60 वर्षीय पदम सिंह की रविवार दोपहर लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर कंटेनर से कुचलकर मौत हो गई। हादसा तिलहर थाना क्षेत्र में नगरिया मोड़ के समीप हुआ। हादसे की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
कंटेनर ने पीछे से मारी टक्कर
परिजनों के अनुसार, रविवार की दोपहर जसपाल सिंह अपनी बाइक से अपने बहनोई की बीमार मां को देखने के लिए तिलहर के गांव खेड़ा बझेड़ा जा रहे थे। उनके साथ पदम सिंह भी थे। जैसे ही वह दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर स्थित नगरिया मोड़ के पास पहुंचे। तभी पीछे आए कंटेनर की टक्कर लगने से दोनों पहिये के नीचे आ गए। कंटेनर से कुचलने से दोनों की मौके पर मौत हो गई।
पुलिस ने कंटेनर चालक को पकड़ा
हादसे के कारण हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई। नगरिया पुलिस चौकी ने मौके पर पहुंच दोनों के शवों को सड़क किनारे कर यातायात को शुरू कराया। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेते हुए चालक को पकड़ लिया है। इंस्पेक्टर जुगलकिशोर पाल ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। तहरीर प्राप्त होने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।