शाहजहांपुर। डीआईओएस हरिवंश कुमार ने बताया कि इंटर की प्रयोगात्मक परीक्षा से छूटे या वंचित परीक्षार्थियों को एक और मौका दिया जाएगा। उनकी प्रयोगात्मक परीक्षाएं नौ और दस अप्रैल को होंगी।
डीआईओएस ने बताया कि पूर्व में कुछ विद्यालयों में प्रयोगात्मक परीक्षाएं अवशेष रहने तथा ऑनलाइन अंक अपलोड न होने के दृष्टिगत 13 फरवरी तक विस्तारित की गईं थीं। ऑनलाइन डाटा के परीक्षण से यह संज्ञान में आया है कि बाह्य परीक्षकों द्वारा परीक्षार्थियों के प्राप्तांक अपलोड किए जाने के बाद भी कुछ प्रयोगात्मक परीक्षा केंद्रों पर आंतरिक परीक्षकों ने विद्यालय लॉगइन के माध्यम से अंक अपलोड नहीं किए।
इससे कुछ परीक्षार्थियों का परीक्षा परिणाम प्रतिकूल रूप से प्रभावित हो गया है। अवशेष प्राप्तांकों को अपलोड करने के लिए छह व सात अप्रैल को वेबसाइट फिर से क्रियाशील की जाएगी। उपलब्ध लिंक के माध्यम से प्राप्तांकों को अपलोड करना सुनिश्चित किया जाए। संवाद