शाहजहांपुर। निगोही क्षेत्र के गांव उदरिया में संविदा कर्मी के मकान के पास विद्युत निगम के पांच ट्रांसफॉर्मर मिलने के मामले की बुधवार को दो सदस्यीय टीम ने जांच की। अधीक्षण अभियंता अनुज प्रताप सिंह के निर्देश पर अधिशासी अभियंता आरपी सिंह और जमौर के एसडीओ आदित्य सिंह मौके पर पहुंचे। टीम बृहस्पतिवार को जांच रिपोर्ट अधीक्षण अभियंता को सौंपेगी।
सोमवार को ट्रांसफॉर्मर ठेकेदार ओमप्रकाश वर्मा की सूचना पर संविदा कर्मी के घर के पास पांच ट्रांसफॉर्मर मिले थे। पुलिस ने मौके से ट्रांसफॉर्मर के अलावा तेल और अन्य सामान भी बरामद किया था। ठेकेदार ने तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की थी।
जांच टीम ने संविदा कर्मी और जेई से जानकारी लेने के साथ ग्रामीणों से भी पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में ट्रांसफॉर्मर या तेल चोरी के तथ्य सामने नहीं आए। हालांकि अंतिम स्थिति जांच रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।