मीरानपुर कटरा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराए गए दो बच्चों में कुपोषण के लक्षण पाए जाने पर उन्हें बुधवार को जांच और उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
कस्बे के मोहल्ला नादिरशाह के एक व्यक्ति के नौ माह के पुत्र, कपूर नगला गांव की आठ माह की बालिका और दियुनी गांव के छह वर्षीय बालक को उनके घरवालों ने बीमार होने पर सीएचसी पर भर्ती कराया गया था। सीएचसी के प्रभारी डॉ. फैजान खां ने बताया कि आठ और नौ माह के दोनों बच्चों में कुपोषण के लक्षण पाए गए हैं। दोनों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। उन्हाेंने बताया कि दियुनी गांव के बालक की बीमारी का पता नहीं चल पा रहा है। इसलिए उसे भी विभिन्न जांचों के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। संवाद