शाहजहांपुर। धार्मिक स्थलों में मानक से तेज आवाज में बज रहे लाउड स्पीकर को लेकर रविवार की शाम चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान सीओ सिटी ने दो लाउडस्पीकर को उतरवा दिया।
अभियान चलाने से पहले सभी थाना प्रभारियों को आवाज की तीव्रता जांचने के लिए मोबाइल में एप डाउनलोड करावाया गया है। रविवार की शाम एसपी सिटी संजय कुमार और सीओ सिटी पंकज पंत टाउनहॉल के पास थे। तब उन्हें लाला तेली बजरिया स्थित धार्मिक स्थल से तेज आवाज सुनाई दी, जिस पर सीओ तुरंत सदर बाजार पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। वहां चार लाउडस्पीकर लगे थे, जो 55 डेसिमल के बजाय 100 से ऊपर की आवाज में बज रहे थे।
सीओ ने संबंधित से वार्ता करने के बाद दो लाउडस्पीकर उतरवा दिए। इसके बाद अशफाकनगर चौकी के पास धर्मस्थल से तेज आवाज आने पर लाउडस्पीकर की आवाज कम करने के लिए निर्देशित किया गया। सीओ सदर प्रयांक जैन ने रोजा इंस्पेक्टर राजीव सिंह के साथ अभियान चलाया। 130 धर्मस्थलों के सापेक्ष 25 जगह पर चेकिंग की गई। पुलिस को कुछ जगह पर लाउडस्पीकर ही लगे नहीं मिले। तीन जगह पर तीव्र ध्वनि में लाउडस्पीकर बजने पर आवाज कम कराई।