अल्हागंज में हादसे के बाद घायल को निजी वाहन से अस्पताल भेजते लोग। स्रोत: जागरूक पाठक
बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे पर मऊ शाहजहांपुर मोड़ के पास पिकअप और इलेक्ट्रिक स्कूटी की टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार हरदोई जिले के थाना पाली के गांव ढपरा निवासी 55 वर्षीय धीर सिंह व 22 वर्षीय बबलू की मौके पर ही जान चली गई। बबलू का चचेरा भाई सुशील गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक पिकअप को छोड़कर भाग गया।
बुधवार की शाम को चचेरे-तहेरे भाई बबलू व सुशील अपने गांव के धीर सिंह के साथ रामनगरिया मोड़ पर पांचाल घाट पर आए थे। तीनों इलेक्ट्रिक स्कूटी पर सवार थे। हुल्लापुर चौराहे के पास गांव मऊ शाहजहांपुर मोड़ पर हाईवे पर पिकअप व स्कूटी टकरा गई। बताते हैं कि इसके बाद पिकअप दो अन्य वाहनों में जा घुसा। हादसे में स्कूटी सवार धीर सिंह व बबलू की मौके पर मौत हो गई। सुशील गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक पिकअप को छोड़कर मौके से भाग गया।
पुलिस ने घायल सुशील को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराने का प्रयास शुरू किया। सीएचसी पर भेजने के लिए एंबुलेंस नहीं मिली तो निजी गाड़ी से घायल को भेजा गया। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया है। बबलू छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके माता-पिता की पूर्व में मौत हो चुकी है।