सिंधौली पुलिस की गिरफ्त में मादक पदार्थ तस्करी के आरोपी। स्रोत: पुलिस
शाहजहापुर। एसओजी, सर्विलांस व सिंधौली थाने की संयुक्त टीम ने शुक्रवार आधी रात के बाद कोरोकुइयां गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास घेराबंदी की। दो मादक पदार्थ के तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 119 ग्राम स्मैक बरामद की। दोनों मजदूरी करते थे। दो हजार रुपये प्रतिदिन की कमाई के लालच में पड़कर तस्कर बन गए।
शुक्रवार की रात एसओजी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार गश्त पर थे। इसी दौरान मिली सूचना पर उन्होंने सिंधौली पुलिस के साथ निगोही थाना क्षेत्र के डेल खेड़ा गांव निवासी मोबीन खान और बरेली के थाना इज्जतनगर क्षेत्र के गांव फरीदापुर निवासी मोहम्मद हसीन खां उर्फ नन्नू को पकड़ा। तलाशी में दोनों के पास से स्मैक बरामद की। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 25 लाख रुपये है।
दोनों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वे दोनों यह माल गुलाब उर्फ राशिद खां निवासी ग्राम मोहनपुर थाना फरीदपुर जिला बरेली व उसके साथी भोला उर्फ तैमूर निवासी ग्राम बैहरा पडैरा से लेकर आए थे। वे लोग मजदूरी कर दिन के चार-पांच सौ रुपया कमाते हैं। गुलाब व भोला ने उन्हें दो हजार रुपये प्रतिदिन देने के लिए कहा था। एसओजी प्रभारी ने बताया कि स्मैक देने वाले दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।