थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव नौगवां में पागल कुत्ते ने सोमवार को दो महिलाओं को काट कर घायल कर दिया। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव में इस पागल कुत्ते के कारण लोगों में भय बना है।
गांव नौगवां निवासी गंगाराम ने बताया कि गांव में घूमने वाले आवारा कुत्तों में से एक कुत्ते को गर्मी चढ़ गई। वह गांव के जानने वाले लोगों को भी देखकर भौंकने लगा, तो लोगों ने उसे डंडा मारकर भगा दिया। जब लोग उसकी इस हरकत को जान गए तो उससे बच कर निकलने लग। उसे मार देने की कोशिश जीव हत्या सोचकर किसी के मन में नहीं आई। सोमवार को कुत्ते की हरकत और बढ़ गई। वह डंडा मारने पर भी लोगों पर भौंकने लगता। बताया कि उनकी पत्नी चमेली देवी गांव के ही रमाकांत की पत्नी मालती देवी के साथ दरवाजे के पास बैठीं थीं, तभी गांव के अंदर गली से घूमता हुआ कुत्ता आ गया और उसने अचानक पहले चमेली पर हमला कर उनके मुंह में काट लिया। इसके बाद मालती देवी को भी काट लिया। चीखपुकार सुनकर गांव के लोग आ गए और उन लोगों ने कुत्ते को डंडा मारकर गांव से बाहर दूर तक खदेड़ दिया। घायल महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंगाराम ने इस मामले में अब तक किसी से शिकायत नहीं की है।
इंसेट
स्वास्थ्य केंद्रों पर नहीं है एंटी रैबीज
जिले के अधिकांश स्वास्थ्य केंद्रों पर एंटी रैबीज नहीं है। इस कारण जंगली जानवर अथवा आवारा पशु के काटने पर लोगों को जिला अस्पताल के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। सीएमएस ने बताया कि जिला अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में एंटी रैबीज इंजेक्शन मौजूद हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की जानकारी नहीं है।