रोजा। चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हयातपुरा निवासी 14 वर्षीय अंश के सिर में दो गहरे जख्म मिले हैं। उनकी कमर के नीचे भी गंभीर चोटें थीं। इसके चलते उसकी मौत हुई। बुधवार को गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
रेती रोड स्थित संजय कुमार सरस्वती इंटर कॉलेज में कक्षा नौ के छात्र अंश को तेज रफ्तार पिकअप वाहन से टक्कर लग गई थी। इससे उसकी मौत हो गई थी। हादसे के बाद लोगों ने चालक को दौड़ाकर पकड़ लिया था। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में अंश के सिर में दो गहरे जख्म मिले हैं। वह कमर के नीचे हिस्से से भी गंभीर रूप से घायल था। बुधवार की सुबह उसकी अंतिम यात्रा निकली तो मां सीता बिलख पड़ी। स्कूल का स्टाफ भी मृतक के घर पर सांत्वना देने पहुंचा। कॉलेज में शोक के चलते अवकाश रहा। दूसरी ओर पुलिस ने आरोपी चालक से पूछताछ की है। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। नियम के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। संवाद