शाहजहांपुर। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर तिलहर थाना क्षेत्र के नगरिया मोड़ के पास थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के डींगुरपुर की ग्राम प्रधान सावित्री के 40 वर्षीय बेटे जसपाल सिंह व उनके रिश्तेदार 60 वर्षीय पदम सिंह की कंटेनर से कुचलकर मौत हो गई। प्रधान का पुत्र अपने बहनोई की बीमार मां को देखने जा रहा था।
परिजनों के अनुसार, रविवार की दोपहर जसपाल सिंह अपनी बाइक से बहनोई सुनील की बीमार मां को देखने के लिए तिलहर के गांव खेड़ा बझेड़ा जा रहे थे। उनके साथ उनके रिश्तेदार पड़ोसी गांव रावतपुर निवासी पदम सिंह भी थे। जैसे ही वह दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर स्थित नगरिया मोड़ के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए कंटेनर की टक्कर लगने से दोनों पहिये के नीचे आ गए।
कंटेनर से कुचलने से दोनों की मौके पर मौत हो गई। हादसे के चलते हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई। नगरिया पुलिस चौकी ने मौके पर पहुंच दोनों के शवों को सड़क किनारे कर यातायात को शुरू कराया। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेते हुए चालक को पकड़ लिया है। कंटेनर नागालैंड का है।
तिलहर इंस्पेक्टर जुगलकिशोर पाल ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। तहरीर प्राप्त होने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
दो सुहागिनों की उजड़ी मांग, शव देख बिलख पड़े परिजन
तिलहर के नगरिया मोड़ पर हुए हादसे में दो सुहागिनों की मांग का सिंदूर उजाड़ दिया। राजकीय मेडिकल कॉलेज की मोरचरी पर सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के डींगुरपुर गांव निवासी जसपाल और रावतपुर गांव निवासी पदम सिंह के शवों ही हालत देख परिजन बिलख पड़े। रोते हुए बेहोश होकर गिर पड़े। ददरौल से भाजपा विधायक अरविंद सिंह भी अस्पताल पहुंचे। परिजन उनसे लिपटकर रो पड़े।
हादसे की जानकारी होते ही दोनों के घरों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों के अनुसार, जसपाल सेहरामऊ दक्षिणी में अपनी मौसी-मौसा के घर पर भी गए थे। उसके बाद वह तिलहर जाने के लिए निकले थे।
पत्नी के कंधों पर छोड़ गए जिम्मेदारियां
हृदयविदारक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। मृतकों की पत्नियाें के कंधों पर परिवार की जिम्मेदारियां आ गईं हैं। परिजनों ने बताया कि मृतक जसपाल तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। जसपाल ने एमएससी की थी। वह एक निजी स्कूल में पढ़ाते थे। उनकी पत्नी रजनी शिक्षामित्र हैं। उनके बेटे सूर्या और बेटी रिया की जिम्मेदारी अब मां रजनी के कंधों पर आ गई है। हादसे के बाद जसपाल के भाई रक्षपाल सिंह और जसवीर सिंह गुमसुम हो गए हैं।
-
भाजपा के बूथ अध्यक्ष थे पदम सिंह
परिजनों ने बताया कि पदम सिंह भाजपा के बूथ अध्यक्ष थे। खेतीबाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी पत्नी कुसुमा देवी गृहिणी हैं। पदम सिंह के बेटे विनय प्रताप सिंह, धीरेंद्र, वीरेंद्र, बेटी प्रियंका, गुड़िया और राधा बेसुध हो गईं हैं। इनमें धीरेंद्र और राधा की शादी हो चुकी है। बाकी की जिम्मेदारी कुसुमा पर आ गई हैं।
0000000000000000000000000000000
वाहन की टक्कर लगने से वृद्ध महिला की मौत
तिलहर। मोहल्ला इमली निवासी 60 वर्षीय विमला शनिवार शाम मोहल्ला पचासा के पास किसी वाहन की टक्कर लगने से घायल हो गईं। राजकीय मेडिकल काॅलेज में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतका के भाई दिनेश ने बताया कि बहन विमला देवी की शादी बरेली जिले के थाना फरीदपुर क्षेत्र के पचौनी गांव में हुई थी। बहन के कोई बच्चा नहीं था। कई साल पूर्व हुई बहनोई की मौत के बाद से बहन तिलहर के मोहल्ला इमली अपने मायके आकर रहने लगीं थीं।
भाई-भतीजे उनका ध्यान रखते थे। शनिवार की शाम बहन गल्ला मंडी सामान की खरीदारी करने के लिए पैदल जा रहीं थी। इसी दौरान मोहल्ला पचासा के पास किसी वाहन की टक्कर लगने से बहन घायल हो गईं। सीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। देर शाम बहन ने दम तोड़ दिया। इंस्पेक्टर जुगल किशोर पाल ने बताया कि अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर शव को पोस्टमॉर्टम भिजवा दिया गया है। वाहन के बारे में पता लगाया जा रहा है। संवाद
जसपाल सिंह का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
जसपाल सिंह का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
जसपाल सिंह का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन