नगरपालिका परिषद में शुक्रवार को कर वसूली की समीक्षा करते हुए चेयरमैन तनवीर खां ने वसूली कार्य में लापरवाही और सुस्ती बरतने वाले कर संग्रहकर्ता श्याम मुरारी श्रीवास्तव और मोहर्रिर राजेश तिवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वसूली कार्य में लापरवाही करने वाले अन्य को भी चेताया कि कार्यशैली में सुधार न करने पर उनपर कार्यवाही होगी।
कहा कि वसूले जाने वाले गृह और जलकर से ही नगर में बुनियादी नागरिक सुविधाओं पर खर्च किया जाता है और इसी काम में सुस्ती हैरत में डालने वाली है। सभी बड़े बकाएदारों से प्राथमिकता के आधार पर वसूली का निर्देश देते हुए कहा कि चालू माह के आखिरी सप्ताह में लक्ष्य के सापेक्ष शत - प्रतिशत वसूली होनी चाहिए। शत प्रतिशत वसूली करने वाले कार्मिक सम्मानित किए जाएंगे जबकि इसमें सुस्ती बरतने वाले कार्यवाही के जद में होंगे। दाखिल खारिज की जांच पत्रावलियां हर हाल में एक हफ्ते में कर संग्रहकर्ता को जांचकर कार्यालय में जमा करने एवं दाखिल खारिज-लिपिक को 45 दिनों में नकल जारी कर काम पूरा करने को कहा। उन्होंने कर अधीक्षक कुलदीप अवस्थी को जमाकर्ताओं की सुविधार्थ कार्यालय में काउंटर खोलने को कहा एवं इस हेतु समय से बिलों का वितरण कराना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में अधिशासी अधिकारी मुनेंद्र सिंह राठौर, कर निर्धारण अधिकारी राजेश गुप्ता, कर संग्रहकर्ता दिनेश पाल सिंह, अजय सिंह, अशोक शुक्ला, सुरेश औधिच्य, विभूति नारायण, श्याम किशोर कटियार, अतुल कुमार सक्सेना, राशिद हुसैन खां, ओम प्रकाश सक्सेना, अजय कुमार श्रीमाली, सैयद शमीम अहमद, मशकूर अहमद, पंकज गुप्ता आदि मौजूद थे।