तिलहर। साइबर ठगी के मामलों में शनिवार की शाम अपराध निरीक्षक सुनील यादव ने पुलिस टीम के साथ गांव बिलहरी में दबिश देकर वहां से दो जनसेवा केंद्र संचालकों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में एक जनसेवा केंद्र संचालक ने बताया कि वर्ष 2025 में एक ट्रक चालक ने उसके खाते में 90 हजार रुपये भेजे थे, जिसे उसने कमीशन काटकर नकद लौटा दिया। बाद में उसका बैंक खाता साइबर ठगी के संदेह में सीज कर दिया गया। दूसरे जनसेवा केंद्र के संचालक ने बताया कि करीब तीन माह पहले एक व्यक्ति ने मरीज के इलाज का हवाला देकर उनके खाते में 20 हजार रुपये डलवाए थे, जिसे उसने कमीशन काटकर नकद दे दिया और बाद में उसका बैंक खाता भी सीज हो गया।
पुलिस के अनुसार कई शिकायतों में जनसेवा केंद्र संचालकों के खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेनदेन में किए जाने की बात सामने आई है। इसी के आधार पर दोनों को हिरासत में लिया गया है। सीओ इशिका सिंह ने बताया कि दो जनसेवा केंद्र संचालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और छह अन्य जनसेवा केंद्र संचालकों की तलाश जारी है। जांच में दोषी पाए जाने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। संवाद