शाहजहांपुर। पुलिस ने साइ-वज्र अभियान के तहत साइबर ठगी गैंग के मास्टरमाइंड मुरादाबाद के राहुल यादव समेत छह लोगों को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। राहुल ने बी-टेक किया है।
शनिवार रात एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने कांट थाना क्षेत्र के खटुरिया गांव निवासी लखविंदर, मुरादाबाद के थाना मझोला क्षेत्र के हनुमाननगर लाइनपार निवासी राहुल यादव, बरेली के थाना फरीदपुर क्षेत्र के खिमपुरा निवासी राशिद, गोंडा जिले के थाना खरगूपुर क्षेत्र के मंगलनगर निवासी देवेश उर्फ देव, हल्द्वानी निवासी सईद सिद्दीक व बनवूलपुरा निवासी वसीम को गिरफ्तार किया।
इन ठगों ने 21,60,900 रुपये की ठगी की है। कांट थाने में सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। ठगों के कब्जे से एक लैपटाप, चार्जर, की-बोर्ड, माउस, सात मोबाइल, तीन चेकबुक, एक पैनकार्ड, दो डेबिट कार्ड बरामद हुए हैं। पूछताछ में सभी ने बताया कि वे सीधे-साधे लोगों को कमीशन का लालच देकर उनके बैंक खाते की जानकारी कर खाता संख्या प्राप्त कर लेते थे।
इसके बाद एपीके फाइल के माध्यम से खाते से संबंधित सभी ओटीपी एवं एसएमएस एवं अन्य बैंकिंग संदेश उनके हैंडलर के पास प्राप्त होने लगते थे। खातों से निकाली गई धनराशि भी हैंडलर के नियंत्रण में पहुंच जाती थी। ठगी से मिले रुपये आपस में बांट लेते थे।
महिला समेत तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार
एसपी सिटी ने बताया कि साइबर अपराधों में संलिप्त आरसी मिशन क्षेत्र के मिश्रीपुर की आस्था सिंह को पकड़ा गया है। उसने तीन लाख 91 हजार 901 रुपये की धोखाधड़ी की है। इसके अलावा मिर्जापुर क्षेत्र के गांव राजेरायपुर निवासी प्रदीप कुमार को 33,500 और गांव पृथ्वीपुर निवासी नन्हे को 22,500 रुपये की धोखाधड़ी करने में गिरफ्तार किया गया है।