तीन-तीन सवार, वह भी बिना हेलमेट
दोनों बाइकों पर तीन-तीन सवारियां थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किसी भी बाइक के सवार के सिर पर हेलमेट नहीं था। रफ्तार भी काफी तेज थी। पुलिस ने आशंका जताई है कि किसी वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में दोनों बाइकें आमने-सामने आ गईं। रफ्तार तेज होने से चालक नियंत्रण खो बैठे और हादसा हो गया।
खुशबू को पता ही नहीं...सुहाग उजड़ गया
सिंधौली में टोल प्लाजा के पास हुए हादसे में अनुज मिश्रा की जान चली गई। उनकी पत्नी खुशबू मिश्रा और बेटी भूमि गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। अनुज की मौत की सूचना खुशबू को नहीं दी गई।
सौरभ की मौत पर यकीन नहीं, परिजन दूसरे अस्पताल ले गए
सिंधौली में बाइकों की टक्कर से सौरभ की मौत हो गई। सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। उन्हें डॉक्टर की बात पर यकीन नहीं हुआ। तुरंत ही निजी एंबुलेंस लेकर आए और निजी अस्पताल लेकर चले गए।
पुवायां के बड़ा गांव स्थित कॉलेज से डी-फार्मा करने वाला सौरभ तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके पिता खेतीबाड़ी करते हैं। हादसे की सूचना पर परिवार वाले पहुंच गए। बेटे की मौत से परिवार वाले बिलख पड़े।