पुवायां। दो बाइकों की टक्कर से दंपती सहित चार लोग गंभीर घायल हो गए। चारों को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
गांव नाहिल निवासी सुमित दीक्षित और शिवम त्रिवेदी बाइक से पुवायां से घर जा रहे थे। उधर गांव रेहरिया निवासी धनंजय अपनी पत्नी वर्षा देवी और डेढ़ वर्षीय पुत्री लक्ष्मी के साथ बाइक से पुवायां आ रहे थे। गांव चौढ़ेरा के पास दोनों बाइकें टकरा जाने से दंपती और सुमित, शिवम घायल हो गए। सीएचसी से तीन एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को लाकर पुवायां सीएचसी पर भर्ती कराया। धनंजय ने बताया कि वह पुत्री की दवा लेने पुवायां आ रहे थे।
हालत गंभीर होने के कारण घायलों को रेफर कर दिया गया। सीएचसी से घटना की जानकारी पुलिस और घायलों के परिजनों को भी दी गई है। परिजन भी शाहजहांपुर रवाना हो गए हैं। पुलिस के अनुसार बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। अभी किसी ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद