जलालाबाद (शाहजहांपुर)। गंगा एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज शाहजहांपुर रोड स्थित कलक्टरगंज के पास ट्रक की टक्कर लगने से बाइक सवार कलान थाना क्षेत्र के गांव लखनपुर निवासी बाइक सवार 40 वर्षीय भूपेंद्र यादव उर्फ पपलू और 34 वर्षीय गिरीश यादव की मौत हो गई। दोनों ट्रक की टक्कर लगने के बाद पहिये से कुचल गए।
मृतक भूपेंद्र और गिरीश पारिवारिक रिश्ते में चचेरे-तहेरे भाई थे। दोनों साझेदारी में दूध का काम करते थे। शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे दोनों बाइक से शाहजहांपुर से दूध की एटीएम मशीन रखने के लिए पिकअप वाहन खरीदने के लिए निकले थे।
दोपहर करीब डेढ़ बजे जलालाबाद थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज शाहजहांपुर रोड स्थित कलेक्टरगंज के पास पहुंचे। तभी ट्रक की टक्कर लगने से बाइक से सड़क पर गिरे और ट्रक का पहिया दोनों के ऊपर से गुजर गया। हादसे में दोनों की मौके पर मौत हो गई।
हादसे के बाद वहां भीड़ लग गई। काफी देर तक मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई। इसके बाद पुलिस ने बाइक के नंबर से दोनों की पहचान कराई और उनके परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन शवों की हालत देख बिलख पड़े।
दूसरी ओर हादसे के बाद चालक जमुनिया गांव के पास ट्रक छोड़कर भाग गया। जिसे कांट पुलिस ने कब्जे में ले लिया। इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। तहरीर प्राप्त होने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। चालक की तलाश की जा रही है।
काल बनकर आए ट्रक ने दो परिवारों की छीनी खुशियां
जलालाबाद। शुक्रवार की दोपहर काल बनकर आए ट्रक ने दो परिवारों की खुशियां छीन ली। थाना कलान क्षेत्र के गांव लखनपुर निवासी भूपेंद्र यादव उर्फ पपलू और गिरीश यादव के शवों को देख हर किसी की आंख नम हो गईं। परिजनों ने बताया कि दोनों एक मशीन में दूध रखकर नगर में जाकर बिक्री करते थे।
दूध की मशीन को कस्बे तक ले जाने में दिक्कत होती थी। इसलिए भूपेंद्र पिकअप गाड़ी खरीदने के लिए गिरीश के साथ निकले थे। नए पिकअप वाहन को लेकर उनके परिवार के लोग काफी खुश थे, लेकिन उनकी यह खुशियां चंद घंटे बाद मातम में बदल गईं।
घर से निकलने के करीब दो घंटे बाद मौत की सूचना से दोनों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार, दोनों की कच्ची गृहस्थी थी। मृतक भूपेंद्र यादव चार भाइयों में बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी मंजू देवी के अलावा दो बेटे हैं, जबकि गिरीश चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे।
उनके परिवार में पत्नी रीना व एक सात साल का बेटा है। हादसे की सूचना मिलने पर रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे और शवों को देख अपनी किस्मत को कोसने लगे। संवाद
हैंडिल में लटका था हेलमेट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के दौरान हेलमेट बाइक के हैंडिल में लटका मिला। ग्रामीणों के अनुसार, हेलमेट लगाए होने पर शायद उनकी जान बच जाती।
भूपेंद्र यादव का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
भूपेंद्र यादव का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन