जैतीपुर पुलिस की गिरफ्त में मादक पदार्थ की तस्करी के आरोपी। स्रोत: मीडिया सेल
जैतीपुर। पुलिस ने सिउरा मोड़ के पास घेराबंदी कर मादक पदार्थ तस्करी के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से एक किलो अफीम बरामद की है।
बुधवार की दोपहर पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस बीच मुखबिर ने मादक पदार्थ की तस्करी की पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जैतीपुर के बैसरा गांव निवासी ओमकांत और तिलहर के बंधीचक गांव निवासी छत्रपाल को गिरफ्तार किया। तलाशी में दोनों के पास से 500-500 ग्राम अफीम मिली।
थाना प्रभारी गौरव त्यागी ने दोनों तस्करों से पूछताछ की। आरोपियों ने बताया कि वे बदायूं जिले के थाना दातागंज निवासी सलेमपुर के राजकुमार कोटेदार से अफीम लेकर आए थे। गढ़ियारंगीन थाना क्षेत्र के टाटराबाद निवासी रियाजुद्दीन उर्फ ललऊ को अफीम देनी थी। इसके लिए उन लोगों को पांच-पांच हजार रुपये मिल जाते।
थाना प्रभारी ने बताया कि रियाजुद्दीन का पता लगाने के लिए टीम लगा दी गई है। साथ ही बदायूं पुलिस से संपर्क किया गया है। सीओ तिलहर ज्योति यादव ने बताया कि दो मादक पदार्थ के तस्करों को पकड़ा गया है। उनके कब्जे से एक किलो अफीम बरामद की गई है।