शाहजहांपुर। मारपीट से आहत टीटीई की पत्नी बुधवार को रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई और हंगामा शुरू कर दिया। वह अपने बच्चे को सीआईटी कक्ष में छोड़कर प्लेटफार्म नंबर चार पर चली गई। इस बीच उसने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने की धमकी दी। बमुश्किल उसे समझाकर बुलाया और दंपती में समझौता करा दिया।
रेलवे स्टेशन पर तैनात टीटीई नगर में एक मकान में किराये पर रहता है। उसके दो बच्चे भी हैं। बताते हैं कि उसने अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर दी और ड्यूटी पर आ गया। नाराज पत्नी एक बच्चे को लेकर बुधवार दोपहर रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई। उसने अपने पति के बारे में पूछा। कर्मियों ने बताया कि वह ट्रेन में ड्यूटी पर चला गया। यह सुनकर उसने हंगामा शुरू कर दिया। वह अपने बच्चे को कार्यालय में छोड़कर प्लेटफार्म नंबर चार पर पहुंच गई। उसे बुलाने का प्रयास करने पर वह और आगे भाग गई। परेशान होकर आरपीएफ की महिला सिपाहियों को बुलाया और उसे किसी तरह पकड़वाया। इस बीच उसने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने की धमकी दी। हंगामे के बीच टीटीई की पत्नी को कार्यालय लाया गया। इस बीच टीटीई भी आ गया। जीआरपी थाना प्रभारी रेहान अली ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है।