निगोही में पानी की टंकी पर चढ़ी महिला कैलासो देबी को नीचे उतारकर लाती पुलिस
- फोटो : SHAHJAHANPUR
निगोही (शाहजहांपुर)। पति के निधन के बाद बेटों ने मां को मारपीट कर घर से निकाल दिया। कई दिनों से अधिकारियों के चक्कर काट रही बुजुर्ग कैलासो देवी (60) कार्रवाई न होने पर बृहस्पतिवार सुबह ओवरहेड टैंक पर चढ़ गई। साड़ी से फंदा लगाकर आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन नीचे खड़े लोगों ने रोक दिया। बाद में पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझाकर उसे नीचे उतार लिया।
गांव गिरगिचा की रहने वाली कैलासो देवी पत्नी राजा सिंह के तीन बेटे चिल्लू, रणधीर और बादाम हैं। कैलासो देवी ने बताया कि छोटा बेटा बादाम संन्यासी हो गया, जबकि बड़ा बेटा चिल्लू अविवाहित है। मंझला बेटा रणधीर शादीशुदा है। कैलासो देवी को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास मिला है। सास-बहू में झगड़ा होने पर कैलासो देवी योजना से प्राप्त आवास में रहने लगीं।
आरोप है कि रणधीर सिंह ने मारपीट कर उसे 13 दिन पहले घर से निकाल दिया। कैलासो आठ दिन तक लगातार निगोही थाने के चक्कर लगाती रही। सुनवाई न होने पर उसने तिलहर तहसील, शाहजहांपुर कचहरी के चक्कर लगाए, लेकिन कहीं फरियाद नहीं सुनी गई। परेशान कैलासो बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे निगोही कस्बे के ब्लॉक संसाधन केंद्र में बने ओवरहेड टैंक पर चढ़ गईं। अपनी साड़ी से फंदा बनाकर आत्महत्या की कोशिश की। नीचे खड़े लोगों ने किसी तरह उसे रोका। सूचना पर दरोगा राजकुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और पूर्वाह्न करीब 11 बजे उसे किसी तरह समझाकर नीचे उतारा। पुलिस उसे लेकर थाने आ गई।
थाने में उसके दोनों बेटों रणधीर और चिल्लू को बुलाया गया। पुलिस के सामने तय हुआ कि रणधीर उसका मकान खाली करेगा और शादी में दिए 16 हजार रुपये भी वापस करेगा। निगोही थाने के प्रभारी निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि महिला के दोनों बेटों का धारा 151 में चालान कर दिया गया है। किसी प्रकार की तकलीफ होने पर महिला पुलिस से शिकायत कर सकती है।