खमरिया गोदाम में जांच करते अधिकारी। स्रोत: सूचना विभाग
- फोटो : शहर के रानीलक्ष्मी बाई के पास छाता लगाकर धूप से बचाव करती छात्राएं। संवाद
शाहजहांपुर। गेहूं की कालाबाजारी की सूचना पर एडीएम एफआर अरविंद कुमार निजी कार से जैतीपुर के खमरिया पहुंचे। यहां पर उन्होंने दो ट्रकों को पकड़ा। दोनों ट्रकों में छह सौ क्विंटल गेहूं बरामद किया गया है, जिसे गेहूं बगैर मंडी लाइसेंस के ले जाया जा रहा था। गेहूं को जब्त कर लिया गया है।
एडीएम ने बताया गोपनीय सूचना मिली कि जैतीपुर क्षेत्र में अवैध तरीके से गेहूं का संचरण किया जा रहा है। वह घर से लोअर-टीशर्ट, गमछा डाल कर स्लीपर पहन कर जैतीपुर के खमरिया गांव पहुंचे। यहां उन्होंने सरकारी गोदाम की जांच की। सड़क से गेहूं की बोरी लादकर दो ट्रक निकले। ट्रक रोकने का प्रयास किया तो चालकों ने रफ्तार तेज कर दी।
इसके बाद पीछा करके ट्रकों को ओेवरटेक करके एडीएम ने रोका। इसके बाद संबंधित तहसीलदार समेत पुलिस को सूचना दी। मौके पर तिलहर मंडी सचिव शिवेंद्र कुमार सिंह टीम के साथ पहुंच गए। चालकों से पूछताछ की गई तो उनके पास गेहूं ले जाने का लाइसेंस नहीं मिला। गेहूं को जब्त कर लिया गया। एडीएम अरविंद सिंह ने बताया कि डीएम के निर्देश पर वह गेहूं चेकिंग करने के लिए निकले थे। बगैर लाइसेंस के संचरण किए जा रहे गेहूं को जब्त कर लिया गया। संबंधित के विरुद्ध जुर्माना लगाने की कार्रवाई हो रही है।