25 यूपी बटालियन में चल रहे एनसीसी के संयुक्त प्रशिक्षण कैंप में एनसीसी निदेशालय से आए डिप्टी डायरेक्टर ब्रिगेडियर एचएमएस चटवाल ने दूसरे दिन गर्ल्स कैडेट्स का साक्षात्कार लेकर फायरिंग, मैप रीडिंग, बाधा दौड़, टेंट पिचिंग, हेल्थ एंड हाइजीन आदि की तैयारियों के बाबत जानकारी ली।
शुक्रवार को अपने भ्रमण के दूसरे दिन ब्रिगेडियर चटवाल ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए गर्ल्स कैडेट्स को तैयार रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सभी कैडेट्स पूरी तैयारी के साथ यूपी का प्रतिनिधित्व करें, ताकि वह विजेता बन सकें। चटवाल ने कहा कि सेना ने महिलाओं के लिए अपने द्वार खोल दिए हैं, इसलिए गर्ल्स को इसका लाभ उठाना चाहिए। देश की बेटियां थल सेना से लेकर एअरफोर्स तक छाई हुई हैं और उन्हें सम्मानजनक नौकरी मिल रही है। इसके बाद उन्होंने बालक कैडेट्स को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
ब्रिगेडियर चटवाल ने बालक कैडेट्स का आह्वान किया कि वह रक्तदान, साक्षरता मिशन, दहेज निवारण, बीमारियों के विरुद्ध, श्रमदान, आई कैंप ट्रैफिक कंट्रोल, प्राकृतिक आपदा राहत, पोधरोपण आदि सामाजिक कार्यों में बढ़चढ़ कर अपना योगदान दें। इस अवसर पर कैंप कमांडेंट कीर्तिचक्र मेजर सुशील कुमार सिंह, कर्नल वीके सिंह, लेफ्टिनेंट कर्नल एचएस पांडेय, कर्नल केएस सहरावत, कर्नल परमजीत सिंह, कैप्टन ज्योति चौधरी आदि ने ब्रिगेडियर के साथ कैंप का निरीक्षण किया।