ट्रेन की चपेट में आकर महिला की मौत
रोडवेज रेलवे क्रासिंग के पास बृहस्पतिवार सुबह सहारनपुर पैंसेजर की चपेट में आकर एक महिला की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे महिला के पति से शव की शिनाख्त अपनी पत्नी के रूप में की। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला दिलाजाक निवासी पेंटर इरशाद अली की 45 वर्षीय पत्नी महरजहां सुबह करीब साढ़े छह बजे पैदल झंडा कलां मजार पर नियाज कराने जा रही थी। रोडवेज रेलवे क्रासिंग पार करते समय वह लखनऊ की तरफ से आ रही सहारनपुर पैसेंजर की चपेट में आ गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। महरजहां की कुछ तबियत खराब चल रही थी। पत्नी इरशाद अली ने सोचा कि इधर से तो पत्नी पैदल चली गई हैं। उधर से उन्हें साइकिल पर बैठाकर ले आएंगे। यह सोचकर वह साइकिल लेकर घर से निकले थे। रोडवेज रेलवे क्रासिंग के पास पहुंचे तो पता चला कि एक महिला की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। यह सुनकर इरशाद अली अपनी साइकिल किनारे खड़ी करके महिला को देखने पहुंच गए। पत्नी का शव देखकर वह बदहवाश हो गए। उनकी सूचना पर परिवार वाले और मोहल्ले वाले मौके पर पहुंच गए। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के घर में मचा कोहराम
हादसे की खबर लगते ही मृतका के घर में कोहराम मच गया। मां मौत की खबर सुनकर तारीन जलालनगर में ब्याही उनकी बेटी नूरी घर पहुंच गई। नूरी का रो-रोककर बुरा हाल है। इरशाद के एक बेटा खालिद दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में सिलाई का काम करता है। मां की मौत की सूचना पर वह दिल्ली से चल दिया है। मृतका के घर रिश्तदारों का जमघट लग गया।