शाहजहांपुर। कोरोना संक्रमण काल में नियमित ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया था। फिर कुछ ट्रेनों को विशेष रूप से चलाया जाने लगा। धीरे-धीरे लगभग सभी ट्रेनें जीरो नंबर लगाकर विशेष रूप से चलने लगी। कोरोना का असर नगण्य होने पर अब सामान्य रूप से ट्रेनें चलाई जाने लगी हैं, लेकिन रोजा में ट्रेनों का स्टॉपेज नहीं हो रहा है, जिससे क्षेत्रवासी परेशान हैं।
रोजा रेलवे स्टेशन पर पंजाब मेल, जनता एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस, मुगलसराय एक्सप्रेस, बरेली बनारस एक्सप्रेस, आदि ट्रेनों का स्टॉपेज होता था। कोविड-19 के कारण ट्रेनों के आगे जीरो नंबर लगने के समय ही रोजा में ठहराव समाप्त कर दिया गया। अधिकारियों ने यह कहा कि जब कोविड समाप्त होने पर ट्रेनें अपने सामान्य नंबर से चलने लगेंगी और किराया भी कम हो जाएगा, तब रोजा में ठहराव होने लगेगा।
वर्तमान में जीरो नंबर हटा दिया और किराया सामान्य हो गया है। इसके बावजूद रोजा में किसी ट्रेन का स्टॉपेज शुरू नहीं हुआ है। इससे रोजा क्षेत्र के लोगों को यात्रा करने के लिए शाहजहांपुर जाना पड़ता है। इससे काफी परेशानी होती है तथा समय अधिक लगता है।
रोजा में जो ट्रेनें पहले रुका करती थीं, उनका ठहराव होना चाहिए। यहां ठहराव खत्म होने की वजह से शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर जाना पड़ता है। इससे समय अधिक खराब होता है और किराया भी ज्यादा लगता है। - विवेक कुमार मिश्रा
ट्रेनों का ठहराव न होने के कारण रोजा से पहले शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन जाना पड़ता है। देर-सवेर रोजा से शाहजहांपुर के लिए ऑटो मिलना भी मुश्किल हो जाता है। रोजा रेलवे स्टेशन पर ही ट्रेन का ठहराव होना चाहिए।- सूर्य प्रकाश अवस्थी
रोजा रेलवे स्टेशन पर हमेशा ट्रेनों का ठहराव होता रहा है। कोविड-19 के समय यात्री ट्रेनें ही बंद गई थीं। अब जब फिर से स्थिति सामान्य हो गई है, इसके बावजूद ट्रेनों का ठहराव न होने से क्षेत्र वासियों को काफी दिक्कत होती है। - अजय त्रिवेदी
बीमा कंपनी के काम से कई बार बरेली, लखनऊ जाना होता है। पहले रोजा से ही ट्रेन पकड़ लेते थे। अब शाहजहांपुर जाकर ट्रेन पकड़े या फिर बस से यात्रा करें। ऐसे में समय और किराया दोनों ही अधिक लगता है। - पंकज मिश्रा, अर्जुनपुर बरमोला
रोजा में 300 लोको पायलट हैं, जिनको शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन जाना पड़ता है। कोरोना संक्रमण काल से पहले रोजा रेलवे स्टेशन पर ही ट्रेनें रुकती थी और लोको पायलट चेंज होते थे। ट्रेनों का ठहराव बहुत जरूरी है। - चंदन कुमार, सहायक लोको पायलट, रोजा
ट्रेनों के ठहराव को यूनियन लगातार मांग की जा रही है। इससे लोको पायलटों औ यात्रियों को शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर जाकर ट्रेन न पकड़नी पड़े। अब भी बात नहीं बनी, तो ट्रेनों का ठहराव शुरू होने तक प्रदर्शन किया जाएगा। - अमित भागवत मिश्रा, शाखा सचिव, नरमू रोजा
विवेक कुमार मिश्रा- फोटो : SHAHJAHANPUR
अजय त्रिवेदी- फोटो : SHAHJAHANPUR
पंकज मिश्रा- फोटो : SHAHJAHANPUR
चंदन कुमार, सहायक लोको पायलट, रोजा- फोटो : SHAHJAHANPUR
विवेक कुमार मिश्रा- फोटो : SHAHJAHANPUR