शाहजहांपुर। अब शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक से गुजरने वाली ट्रेनें दोगुनी गति से निकलेंगी। प्लेटफार्म से गुजरने वाली ट्रेनों की गति को 15 से बढ़ाकर 30 किमी प्रति घंटा कर दिया गया है। जिसको लेकर मंडल कार्यालय मुरादाबाद से आदेश जारी किया गया था।
प्लेटफार्म नंबर एक पर फर्श का निर्माण होने के बाद से ट्रेनें 15 किमी की गति से गुजरती हैं। जिस ट्रेन का ठहराव शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर है, वह पूर्वी केबिन से 15 किमी की गति से आकर प्लेटफार्म पर खड़ी होती है और दो मिनट रुकने के बाद इतनी ही गति से मेन लाइन तक पहुंचती हैं। लेकिन अब 13 मार्च की रात 12:00 बजे से एक नंबर प्लेटफार्म से गुजरने वाली सभी ट्रेनों की रफ्तार 30 किमी प्रति घंटा कर दी गई है। स्टेशन अधीक्षक ओपी गौतम ने बताया कि इसके लिए मंडल कार्यालय मुरादाबाद से पत्र जारी कर आदेशित किया गया है, जिसका अनुपालन शुरू हो गया है। लोको इंस्पेक्टर वीरेंद्र झा ने बताया कि सभी लोको पायलटों को भी व्हाट्सएप के जरिए आदेश की प्रति दे दी है। इससे जहां समय कम हुआ है, तो वहीं डीजल की बचत भी होगी।