मंगलवार शाम पंखी चौराहे पर लगा जाम। संवाद
शाहजहांपुर। स्मार्ट सिटी में यातायात व्यवस्था की हकीकत मंगलवार को शहर के प्रमुख चौराहों पर दिखाई दी। कहीं सड़क की खोदाई तो कहीं गड्ढों के कारण रास्ता संकरा मिला। वाहनों का दबाव बढ़ते ही चौराहों पर जाम लग गया। स्कूलों की छुट्टी के समय स्थिति और बिगड़ गई। लाल इमली चौराहा से लेकर महिला थाना, खिरनीबाग और अंटा चौराहा तक लोगों को जाम से जूझना पड़ा।
मंगलवार दोपहर खोदाई के कारण संकरा हुए लाल इमली चौराहे पर मौरंग से भरी ट्रॉली गुजरने के दौरान जाम लग गया। पीली मस्जिद, उस्मानबाग चौकी और निशात सिनेमा की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की कतारें लग गईं। ई-रिक्शे, कार, बाइक और स्कूली वैन भी फंस गईं।
रोडवेज बस अड्डे के आगे तक चल रही खोदाई के चलते महिला थाने के पास बैरियर लगाकर रास्ता बंद किया गया है। दोपहर में पुवायां रोड की ओर से आई ई-बस के चालक ने बस मोड़ने का प्रयास किया तो जाम लग गया। जाम के कारण पुवायां, निगोही और स्टेशन रोड पर वाहनों की आवाजाही रुक गई। शहर के अंजान चौकी तिराहा पर भी दिन में रुक-रुककर जाम लगता रहा।
सीओ यातायात रणवीर सिंह ने बताया कि बरेली में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के चलते अधिकतर पुलिस बल की ड्यूटी वहां लगी थी। जहां पर दिक्कत आ रही है, वहां पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर समाधान निकाला जाएगा।