शाहजहांपुर में शुक्रवार को उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट की कोर कमेटी की बैठक में विचार विमर्श ?
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट ने नॉन ब्रांडेड श्रेणी के खाद्यान्न और दालों पर पांच प्रतिशत जीएसटी लागू किए जाने का कड़ा विरोध किया है। संगठन की कोर कमेटी की शुक्रवार को नगर महामंत्री अतुल गुप्ता के प्रतिष्ठान पर जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह दुआ की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं ने इसे सरकार का महंगाई बढ़ाने वाला निर्णय बताया।
व्यापारी नेता दुआ ने कहा सरकार ने 2017 में जीएसटी लागू करते समय आश्वस्त किया था कि चावल, दाल, आटा, दूध, दही, पनीर व जीवन रक्षक दवाओं आदि रोजमर्रा की जरूरत वाली चीजों को जीएसटी से मुक्त रखा जाएगा। इसके बावजूद जीएसटी काउंसिल ने इन सभी वस्तुओं पर पांच प्रतिशत जीएसटी लागू कर दिया। मंडियों में आने वाले किसानों की उपज पर पहले से 1.5 प्रतिशत मंडी शुल्क लग रहा है। अब यह शुल्क बढ़कर 6.5 प्रतिशत हो जाएगा। इस निर्णय से सबसे ज्यादा विपरीत प्रभाव अन्नदाता किसानों पर पड़ेगा।
महानगर अध्यक्ष संजीव राठौर ने कहा कि टैक्स बढ़ने पर खाद्यान्न व दलहन के दाम बढ़ जाएंगे। इससे आम जनता पर आर्थिक बोझ पड़ेगा। बैठक में जिला महामंत्री नाजिम खां, सुनील यादव, नीरज गुप्ता, नगर महामंत्री अतुल गुप्ता, सुरेंद्र सेठी, युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रोहित अग्रवाल, कमाल फहीम, राहुल गुप्ता, शकील अहमद आदि मौजूद रहे।