शाहजहांपुर। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की सोमवार शाम को बहादुरगंज स्थित कार्यालय पर महानगर अध्यक्ष मोहम्मद सलाउद्दीन अख्तर की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें मंडी समिति में लागू की जा रही ई-ट्रैकिंग व्यवस्था का विरोध किया गया।
महानगर अध्यक्ष ने कहा कि ई-ट्रैकिंग प्रणाली से छोटे और मझोले व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। माल लोडिंग-अनलोडिंग से लेकर गेट पास तक हर जगह अनावश्यक दिक्कतें आ रही हैं। इससे व्यापार पर असर पड़ रहा है।
निर्णय लिया गया कि इस संबंध में मंडी सचिव और जिला प्रशासन को ज्ञापन दिया जाएगा। समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो व्यापारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान प्रांतीय मंत्री अनूप गुप्ता, जिला महामंत्री सुशील गुप्ता, संजीव गुप्ता, जुबैर खान,नदीम मंसूरी, पवन गुप्ता आदि मौजूद रहे। संवाद