निगोही में डॉ.बीआर आंबेडकर के चित्र की सफाई करते कर्मचारी। स्रोत: जागरूक पाठक
निगोही (शाहजहांपुर)। निगोही-पुवायां मार्ग पर कबीरपुर गांव के पास स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मृति द्वार पर लगे बाबा साहब के चित्र का अराजकतत्वों ने अपमान किया। सूचना पर भीम आर्मी भारत एकता मिशन के कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। उन्होंने तहरीर देकर अज्ञात के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बरेली मंडल उपाध्यक्ष सुधीर आर्यन ने तहरीर में बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने डॉ.बीआर आंबेडकर के चित्र को अपवित्र और अपमानित किया है। इस कृत्य से बहुजन समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया गया है। उन्होंने मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
तहरीर मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। नगर पंचायत निगोही से मशीन मंगवाकर चित्र को साफ कराया गया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। सीओ शुभम वर्मा ने बताया कि कृत्य करने वाले की तलाश की जा रही है। संवाद
डॉ. आंबेडकर को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट करने पर रिपोर्ट दर्ज
खुटार। मोहल्ला देवस्थान निवासी राजेश कुमार ने गांव सौफरी निवासी मानवेंद्र प्रताप सिंह के खिलाफ डॉ. आंबेडकर पर आपत्तिजनक पोस्ट सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
राजेश कुमार ने बताया कि मानवेंद्र प्रताप सिंह ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर डॉ. आंबेडकर का चित्र पोस्ट करते हुए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। इससे समाज के लोगों में रोष है और लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई कराई जाएगी। संवाद