चेयरमैन को दफ्तर में ज्ञापन देते व्यापारी
शहर समेत जिले में महामारी का रूप ले रहीं वायरल फीवर, चिकनगुनिया, डेंगू आदि बीमारियों के बावजूद सफाई और फागिंग की कारगर व्यवस्था नहीं किए जाने के विरोध में उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट से जुड़े व्यापारी सोमवार को सड़क पर उतर आए। उन्होेंने नगरपालिका परिषद कार्यालय में नारेबाजी करके प्रदर्शन किया। चेयरमैन तनवीर खां ने व्यापारियों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए ईओ मुनेंद्र सिंह राठौर और सफाई नायकों को बुलाकर सफाई और फागिंग के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
संगठन जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह दुआ ने वहां मिले चेयरमैन तनवीर खां से तीखे सवाल किए। कहा कि बीमारियों से जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। नगरपालिका परिषद ने फागिंग की जो व्यवस्था कराई, वह अपर्याप्त साबित हुई। उन्होंने शहर के अंदरूनी पिछड़े इलाकाें में भी सफाई व्यवस्था और फागिंग कराने पर जोर दिया। चेयरमैन ने ईओ राठौर और सफाई अनुभाग के अन्य कर्मचारियों को तलब करके मोहल्ला वार सफाई और फागिंग का रोस्टर तैयार कर उसी के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। चेयरमैन से वार्ता और प्रदर्शन में जिला महामंत्री नाजिम खां, नीरज गुप्ता, रतन स्वरूप सक्सेना, जवाहर लाल, शाहबाज खां, लक्ष्मण प्रसाद, सचिन ग्रोवर, संजीव राठौर, सुल्तान अहमद, विजय तुली, संजय सेठी, राजीव कमरा, चंद्र प्रकाश गुलाटी, महेंद्र गुप्ता आदि शामिल रहे।