उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की बैठक में बोलते महानगर अध्यक्ष मो. सलाउद्दीन अख्तर। स्रोत : सं
शाहजहांपुर। भारतीय खाद्य सुरक्षा मानक प्राधिकरण ने खाद्य कारोबारियों के लिए लाइसेंस की आजीवन मान्यता और पंजीकरण की सीमा बढ़ाने का आदेश जारी किया है। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने बैठक कर इस निर्णय पर खुशी व्यक्त की है। मंडल ने इसे अपने लंबे संघर्ष की जीत बताया है।
जिला अध्यक्ष सौमित्र गुप्ता ने कहा कि उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल के नेतृत्व में लगातार ज्ञापनों के माध्यम से यह मांग की जा रही थी। महानगर अध्यक्ष मो. सलाउद्दीन अख्तर ने बताया कि इस नए आदेश से खाद्य कारोबारियों को बार-बार लाइसेंस नवीनीकरण की परेशानी से मुक्ति मिलेगी।
बैठक में आगामी सावन माह के लिए पौधरोपण की रूपरेखा भी तय की गई। महानगर अध्यक्ष ने बताया कि बहादुरगंज जिले का मुख्य बाजार है। भीषण गर्मी और तेज धूप से बचने के लिए बाजार में मात्र तीन वृक्ष हैं। इस बार व्यापार मंडल महानगर के बाजारों में मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी वन महोत्सव योजना के तहत पौधरोपण करेगा।
बैठक में प्रांतीय मंत्री अनूप गुप्ता, जिला वरिष्ठ महामंत्री सुशील गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता, सैयद अनवर मियां, आदिल खान, संजीव गुप्ता, नफीस खान आदि मौजूद रहे।