कलान क्षेत्र के गांव हैदलपुर से तेरहवीं की दावत खाकर बुधवार रात को परौर थाना क्षेत्र के मालौ गांव के ग्रामीणों को लेकर लौट रही ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर गांव कुबेरपुर में नेकराम के घर के पास पलट गई। पलटी ट्रॉली में दबकर 15 वर्षीय रूबी यादव समेत तीन की मौके पर मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय आकाश ने कलान पीएचसी पर उपचार शुरू होने के कुछ ही देर बाद दम तोड़ दिया। नशे में धुत चालक समेत अन्य 20 घायलों में से नौ की हालत गंभीर है। तीन को कलान पीएचसी पर भर्ती कराया गया है, जबकि चार को परिवारवाले बदायूं ले गए हैं। अन्य दो को शाहजहांपुर भेजा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर चालक नशे में धुत था और घुमा-घुमा कर तेजी से ट्रैक्टर चला रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर हिचकोले खाते ही ट्रॉली पलट गई और पलक झपकते ही चीख - पुकार सुनकर गांव वाले मौके की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने ट्रॉली को सीधा करने का प्रयास किया और इतने में सूचना पाकर परौर थानाध्यक्ष विपिन मौर्य फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रॉली को उठाकर सभी को निकाला गया तो तीन की मौत हो चुकी थी। इनमें से गांव मालौ निवासी 50 वर्षीय चरन सिंह और गांव तितुरी निवासी श्याम पाल (40) शामिल थे।
जानकारी के मुताबिक कलान के गांव हैदलपुर में बधवार को विश्राम सिंह की तेरहवीं थी। रात के समय तेरहवीं की दावत खाकर गांव मालौ के यादव बिरादरी के लोग ट्रैक्टर ट्रॉली से लौट रहे थे। परौर कस्बे से करीब तीन किमी पहले गांव कुबेरपुर के पास नेकराम यादव के घर के पास ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। घटनास्थल पर कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना थाने पर देने के साथ ही ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को अपने कब्जे में ले लिया, जबकि चालक समेत 20 घायलों को इलाज के लिए कलान पीएचसी भेजा।
कलान और परौर के बीच रात को हुए हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत होने की सूचना है। चार घायलों को परिवारीजन बदायूं ले गए हैं जबकि तीन का कलान पीएचसी में उपचार जारी है। हादसे की वजह नशे में धुत ट्रैक्टर चालक की लापरवाह ड्राइविंग रही, जो कि खुद भी हादसे में घायल हुआ है।
- आदेश त्यागी, सीओ जलालाबाद