सांसद कृष्णा राज के प्रयास आखिरकार रंग लाए और केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना में जनपद को चयनित कर लिया। पीएमकेएसवाई के जिले में लागू होने से हर गांव के हर खेत को सिंचाई के लिए पानी मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। इससे फसलों के उत्पादन और प्रति हेक्टेयर उत्पादकता में भी बढ़ोतरी होनी तय मानी जा रही है।
सांसद ने कहा कि इस योजना से सिंचन क्षेत्र बढ़ाने, सिंचाई के निवेश में एकरूपता लाने, पानी का अपव्यय रोकने को खेतों में ही पानी को इस्तेमाल करने की दक्षता बढ़ाने आदि कई उद्देश्य पूरे होंगे। योजना को बेहतर ढंग से लागू करने के लिए जिला स्तरीय समिति का गठन किया जाएगा। कृषि उप निदेशक डॉ. राधाकृष्ण यादव ने बताया कि योजना के क्रियान्वयन के लिए 13 अप्रैल को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करके जिले की सभी 1077 ग्राम पंचायतों के प्रत्येक राजस्व गांव तक सिंचाई संसाधन पहुंचाने की कार्य योजना बनाई जाएगी। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता चंद्रशेखर गुप्ता ने कहा कि पीएमकेएसवाई से जिले की नहर और नलकूप प्रणाली भी बेहतर बनेगी। जिले में विभिन्न खंडों की 121 नहरों का जाल फैला है। इनमें शारदा नहर खंड की 80, राष्ट्रीय जल प्रबंध योजना की 36, नलकूप खंड की तीन और खीरी सिंचाई खंड की दो नहरें शामिल हैं। इन नहरों के सिंचन क्षेत्र से बाहरी खेतों को भी पानी मिल सकेगा। सांसद के मीडिया प्रभारी रामबरन सिंह ने बताया कि इस योजना के तहत यूपी के जिन 17 जनपदों का चयन किया गया है, उनमें शाहजहांपुर भी शामिल है।