मंगलवार को केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति राज्यमंत्री डॉ. महेश शर्मा ने छावनी क्षेत्र में जीएफ कॉलेज के सामने प्रस्तावित शहीद पंडित राम प्रसाद बिस्मिल संग्रहालय का शिलान्यास किया। उन्होंने हनुमतधाम और जलालाबाद में भगवान परशुराम की जन्मस्थली का विस्तार करने की योजनाओं का भी शिलान्यास किया। तीनों योजनाओं के लिए विभाग से धन भी स्वीकृत किया जा चुका है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. शर्मा ने जीएफ कॉलेज के सामने स्थित चार एकड़ भूमि पर तीनों योजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर्यटन, अमर शहीदों, क्रांतिकारियों और सेना के प्रति समर्पण भाव रखते हैं। काकोरीे कांड के अमर शहीदों पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां और रोशन सिंह ने इस माटी का गौरव बढ़ाया है। सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि सेना के इस अदम्य साहस पर किसी फौजी अथवा नागरिक ने सवाल नहीं उठाया, लेकिन विरोधी पार्टियां सेना की कार्रवाई पर सवाल उठाकर मनोबल तोड़ने का काम कर रही हैं। नोट बंदी पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि परिवर्तन के दौर में देश की जनता ने कड़वी गोली भी खाई, लेकिन प्रधानमंत्री के निर्णय का स्वागत किया।
इससे पूर्व केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री कृष्णा राज ने कहा उनके और सुरेश खन्ना के सपनों को पूरा किए जाने की चर्चा करते हुए कहा कि जनपद पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ता रहे। विधानमंडल दल के नेता सुरेश खन्ना ने संग्रहालय योजना की विस्तार से चर्चा की। जमीन उलब्ध कराने के लिए कैंटोमेंट बोर्ड की सराहना की। कहा कि रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने यह काम आसान बना दिया। साथ ही विभाग ने पांच करोड़ की राशि स्वीकृत कर दी। बताया कि संग्रहालय के साथ ही भव्य ऑडीटोरियम का भी निर्माण कराया जाएगा।
यह रहे मौजूद
डॉ. सुरेश मिश्रा के संचालन में हुए शिलान्यास कार्यक्रम में छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी हेमंत यादव, ओसीएफ के महाप्रबंधक एन शिवानंद, एडम कमांडेंट एसके ठाकुर, रक्षा संपदा मध्य कमान की प्रधान निदेशक दीपा बाजवा, निदेशक एसएच खान, रक्षा संपदा अधिकारी प्रमोद कुमार, वीरेंद्रपाल यादव, बाबूराम गुप्ता, सत्यभान भदौरिया, निर्भय चंद्र सेठ, सिटी मजिस्ट्रेट विजय शंकर दुबे, डॉ. सत्य प्रकाश मिश्र, मुन्नूलाल मिश्रा, कृष्ण कुमार मंगलम, ब्लाक प्रमुख क्षमा वर्मा, विनोद अग्रवाल, अरुण खंडेलवाल, रमेश भइया, अनुज गुप्ता, डॉ. रवि मोहन, सीपी यादव, मंजुला बाथम, रागिनी चौहान, उमा देवी, डॉ. संजय पाठक, सरोज गुप्ता, डॉ. प्रताप सिंह, राम चंद्र सिंघल, सुरेश सिंघल, सुचित सेठ, डीपी सिंह, राजेश गुप्ता, सुधीर अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
स्वागत-सत्कार से अभिभूत हुए डॉ. शर्मा
शिलान्यास अवसर पर हुए स्वागत-सत्कार से मुख्य अतिथि केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति राज्यमंत्री डॉ. महेश शर्मा अभिभूत हुए। उन्हें भारी-भरकम फूलमाला पहनाई गई, छावनी परिषद के उपाध्यक्ष अवधेश दीक्षित ने स्मृति चिन्ह प्रदान किया। जुझार सिंह मोगा ने सरोपा भेंट कर सम्मानित किया। इसके अलावा डीएम रामगणेश, जिपं अध्यक्ष अजय प्रताप यादव समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने बुके देकर अतिथि का स्वागत किया।
तीनों योजनाओं के लिए मिले 15.38 करोड़
भाजपा विधानमंडल दल के नेता सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि शहीद संग्रहालय के लिए पांच करोड़ रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। इसके लिए शासनादेश जारी हो चुका है, जबकि हनुमतधाम के उत्तरी घाट पर पुल निर्माण के लिए 6.42 करोड़ और 1.46 करोड़ रुपये घाट के दक्षिणी छोर पर सीढ़ियों के निर्माण के स्वीकृत हुए हैं। इसी तरह जलालाबाद में भगवान परशुराम की जन्मस्थली के जीर्णोद्धार के लिए 2.50 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।