खुटार। स्कूटी से जा रहीं महिला टोल कर्मचारी हादसे में घायल हो गईं।
पीलीभीत के थाना सेहरामऊ उत्तरी के गांव पिपरा मझला निवासी हरप्रीत सिंह की 28 वर्षीय पत्नी गुरजिंदर कौर खुटार में हिटौटा टोल प्लाजा पर काम करती हैं। रविवार रात करीब आठ बजे गुरजिंदर कौर टोल पर काम करके स्कूटी से घर लौट रहीं थीं। पूरनपुर हाईवे पर लौंहगापुर जंगल में अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी।
दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। राहगीरों ने मामले की जानकारी टोल कर्मियों को दी तो एंबुलेंस से उन्हें खुटार सीएचसी पर भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर ने गुरजिंदर कौर को शाहजहांपुर मेडिकल काॅलेज के लिए रेफर कर दिया।
सूचना मिलने पर उनके परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें निजी अस्पताल के लिए लेकर चले गए। थाना प्रभारी आरके रावत ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद