शाहजहांपुर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को जलालाबाद में भाजपा ग्रामीण मंडल के कार्यकर्ताओं और अल्हागंज में नगर पंचायत की ओर से तिरंगा यात्राएं धूमधाम से निकाली गईं। यात्रा में शामिल लोग हाथों में तिरंगे लहराते और भारत माता का जयकारा लगाते हुए चले।
जलालाबाद। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ महाराणा प्रताप चौक से हुआ, जो आसपास के कई गांवों से होती हुई वहीं पहुंचकर विसर्जित हुई। यात्रा में भाजपा ग्रामीण मंडल के अध्यक्ष विनोद अग्निहोत्री, विनय शर्मा, अभिषेक सिंह, जितेंद्र प्रताप सिंह, देवेश पांडेय, केशव मिश्रा, अजय प्रताप सिंह आदि शामिल रहे।
अल्हागंज। यहां निकली तिरंगा यात्रा में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा नगर पंचायत कार्यालय से शुरू होकर मुख्य बाजार होते हुए बाइपास मार्ग तक निकाली गई। इस बीच, जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया।
पूरे रास्ते भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारे गूंजते रहे। यात्रा में पूर्व विधायक कुंवर शरद वीर सिंह, चेयरमैन शिवानी वर्मा, ईओ शैलेश कुमार, भाजपा के जिला महामंत्री अनिल गुप्ता, क्षेत्रीय महामंत्री चंद्रेश गुप्ता, व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष पवन गुप्ता आदि शामिल रहे। इस मौके पर पूर्व विधायक ने शहीदों को नमन करते हुए उनकी शहादत याद रखने पर जोर दिया।
खुटार में भी निकाली गई तिरंगा यात्रा
खुटार। पुवायां रोड स्थित एक पैलेस से सोमवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा मुख्य चौराहे से होती हुई तिकुनिया चौराहे गई। वहां सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए गए। यात्रा में पैदल और बाइक सवार शामिल हुए। इसमें शामिल गोल्डन फ्लॉवर पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों के अलावा अवनीश मिश्रा, नमित दीक्षित, देवेश गुप्ता, अंकित सिंह भदौरिया, इंद्रदेव पटेल, विजयशंकर अवस्थी आदि लोगों ने भारत माता की जय के नारे लगाए। संवाद
जलालाबाद में तिरंगा यात्रा निकालते भाजपाई। संवाद- फोटो : संवाद