पुवायां। कोचिंग जा रही छात्राओं को रास्ते में रोककर गाली-गलौज करने और धमकी देने के मामले में एसपी के निर्देश पर तिलहर की सीओ ने गांव पहुंचकर छात्राओं के बयान दर्ज किए। उधर मामले में राजीनामा हो गया है, लेकिन एक छात्रा के पिता ने कहा कि वह आहत हैं, क्योंकि आरोपी ने माफी तक नहीं मांगी है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को बताया था कि उनकी पुत्री और भतीजी 13 सितंबर को कोचिंग जा रहीं थीं। उनकी पुत्री और भतीजी के साथ ही काेचिंग पढ़ने वाले ने रास्ते में दोनों को रोक लिया था और गाली-गलौज कर अभद्र व्यवहार किया। पुत्री और भतीजी के शिकायत करने पर कोचिंग संचालक ने आरोपी को भगा दिया। इससे नाराज आरोपी ने रास्ते में फिर दोनों को रोककर भतीजी को धक्का देकर गिरा दिया और धमकी दी, इससे परेशान छात्राओं ने आगे से कोचिंग जाने से मना कर दिया।
मामले में दोनों ओर से तहरीर दी गईं थी। रविवार रात थाने में दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हो गया। छात्रा के पिता ने बताया कि आरोपी पक्ष ने माफी तक नहीं मांगी, बस राजीनामा लिखकर दिया है, क्योंकि थाने में काफी लोग उनसे राजीनामा करने के लिए कह रहे थे।
उधर एसपी राजेश द्विवेदी के निर्देश पर तिलहर की सीओ ने गांव पहुंचकर छात्राओं से घटना की जानकारी ली। छात्रा के पिता के अनुसार सीओ ने उनकी पुत्री और भतीजी से अकेले में बात की, उन्हें नहीं मालूम है कि क्या बात हुई है। तिलहर की सीओ ज्योति यादव ने बताया कि जांच की गई है। गाली-गलौज का मामला सामने आया है। जांच रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को दी जाएगी।