खुटार। गांव गेहुंआ के पास गन्ने के खेत में बाघ ने एक छुट्टा गाय को मार डाला। अधखाया शव देख किसानों ने वनकर्मियों को सूचना दी। मंगलवार को गेहुआ, रुजहा खुर्द गांवों के किसान सियाराम, सविंदर सिंह, श्रीपाल वर्मा, गौरव मिश्र, अरविंद, राममनोहर, मदनपाल आदि अपने खेतों पर गए थे। गेहुंआ से कुछ दूर गांव के मुकेश मिश्रा के खेत में गन्ना टूटा दिखा। पास जाकर देखने पर गन्ने में गाय का अधखाया शव पड़ा मिला। शव का काफी दूर तक घसीटने के निशान भी बने थे और वन्य पशु के पगचिह्न भी थे। किसानों ने वनकर्मियों को सूचना दी।
सूचना पर वन वॉचर सहदेव, संदीप, दयाराम, रामकिशन मौके पर पहुंचे। वनकर्मियों ने कांबिंग कर पगचिह्न ट्रेस किए और बाघ होने की पुष्टि की। जांच के दौरान कई किसान और गांव के लोग भी मौके पर जमा रहे। वन विभाग के किसी सक्षम अधिकारी के मौके पर नहीं पहुंचने से लोगों में रोष है।
किसानों ने कहा कि वन दरोगा, फॉरेस्टर और रेंजर में किसी ने भी मौके पर आने की जरूरत नहीं समझी। वन वॉचरों को मौके पर भेज दिया गया, जो खानापूर्ति कर लौट गए।
सूचना मिलने पर वन दरोगा रोहित पांडे के नेतृत्व में वनकर्मियों को मौके पर भेजा गया था। टीम क्षेत्र में लगातार कांबिंग करेगी। बाघ को ट्रेस कर जंगल की तरफ खदेड़ा जाएगा। ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
-दिनेश बडोला, रेंजर खुटार
-
नहर में मगरमच्छ दिखने से ग्रामीणों में दहशत
खुदागंज। दीपपुर-जलालपुर गांव में इमलियों वाली मजार के पास स्थित नहर में मंगलवार को सुबह एक मगरमच्छ दिखने से ग्रामीणों और किसानों में दहशत फैल गई। नहर से बाहर निकले मगरमच्छ का एक किसान ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।
इस समय नहर किनारे खेतों में धान की फसल तैयार हो रही है। अब सिंचाई के लिए किसान नहर की ओर जाने से कतरा रहे हैं। किसानों में अपनी फसल की रखवाली को लेकर भय बना हुआ है।
वन क्षेत्राधिकारी अमित शर्मा के अनुसार मगरमच्छ पकड़ने के लिए विभागीय टीम मौके पर भेजी जा रही है। उनका कहना है कि मगरमच्छ तभी पकड़ा जा सकेगा, जब वह नहर के पानी से बाहर आएगा। उन्होंने मगरमच्छ पकड़े जाने तक नहर की ओर सावधानी से जाने की सलाह दी है। संवाद
चारा लेने गया युवक सर्पदंश से हुआ बेहोश
मीरानपुर कटरा। पशुओं का चारा लेने मंगलवार को सुबह खेत पर गए मोहल्ला इस्लामनगर निवासी आशिक अली के पैर में सांप ने डस लिया। इससे उनके पैर से खून बहने लगा और वह बेहोश हो गए। खेत पर काम करने वालों ने उन्हें बेहोशी की हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। सीएचसी के प्रभारी डॉ. फैजान खां ने बताया कि युवक का उपचार किया जा रहा है। उन्होंने जन सामान्य को सलाह दी कि सांप के डसने पर मरीज को तत्काल अस्पताल लाएं, क्योंकि झाड़-फूंक कराने से इलाज में देरी होने पर मौत हो सकती है। संवाद