बाघ ने बुधवार शाम एक युवक पर हमला कर गंभीर घायल कर दिया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना देने के बाद भी वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे, इससे लोगों में रोष है।
खुटार और मैलानी रेंज में काफी दिन से एक बाघ घूम रहा है। बाघ देखे जाने की सूचना देने पर खुटार रेंजर बाघ मैलानी रेंज में होने और मैलानी रेंजर बाघ के खुटार रेंज में होने की बात कहकर मामले को टाल देते हैं। लोग बाघ के हमला कर देने की आशंका तमाम दिन से व्यक्त कर रहे हैं। बुधवार को शाहजहांपुर के सीमावर्मी खीरी के गांव उजागरपुर निवासी 28 वर्षीय छंगालाल अपने साथ गांव छेदीपुर के मनोज और राजीव के साथ साइकिल से मैलानी के पास मड़हा बाबा स्थान पर मेला देखने गया था। शाम चार बजे के करीब वापस घर आते समय खरेहटा जंगल के पास बाघ ने छंगालाल की साइकिल पर छलांग लगा दी। बाघ के हमले में छंगालाल गंभीर घायल हो गया। साथी मनोज और राजीव ने मौके से भागते हुए शोर मचाया तो जंगल के पास खेतों में काम कर रहे तमाम लोग घटना स्थल की ओर शोर मचाते हुए दौड़े। इस पर बाघ छंगालाल को छोड़कर भाग निकला।
जानकारी पाकर परिवार के लोग घायल को मैलानी के सरकारी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। छंगालाल को बांकेगंज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना के बाद भी वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारियों ने मौका मुआयना करने की जरूरत नहीं समझी है। मैंलानी रेंजर से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नॉट रिचेबल बताता रहा।