खुटार। स्कूल से अपने भाई के साथ घर आ रहीं दो छात्राओं के साथ तीन युवकों ने रोककर अश्लील हरकतें की। कई घंटे बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं होने पर जिला पंचायत सदस्य के साथ तमाम लोग थाने पहुंचे तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि सोमवार को वह एक स्कूल से अपनी दो नाबालिग बहनों को छुट्टी के बाद दोपहर लगभग तीन बजे बाइक से लेकर घर आ रहा था। पुवायां-खुटार हाईवे पर रास्ते में गांव रौतापुर कलां निवासी गोलू, अमित और नीशू ने उसे रोक लिया और बहनों के साथ अश्लील हरकतें करते हुए मोबाइल नंबर मांगा।
विरोध करने पर युवकों ने उनकी पिटाई कर दी और मोबाइल छीनकर चले गए। उसने घर पहुंच कर मामले की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद थाने पहुंच कर तहरीर पुलिस को दी गई।
शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई तो जिला पंचायत सदस्य आनंद पटेल के साथ 50 से अधिक लोग रात साढ़े आठ बजे थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज नहीं किए जाने पर नाराजगी जताते हुए हंगामा करने लगे। इसके बाद पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीरें आईं थी इसीलिए रिपोर्ट में देरी हुई है। कार्रवाई कराई जाएगी।