तिलहर पुलिस की गिरफ्त में जेवर चोरी करने की आरोपी महिलाएं। स्रोत : मीडिया सेल
तिलहर। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर कछियानी खेड़ा के हनुमान मंदिर और बिरिया बाबा धाम पर लगने वाले मेले में श्रद्धालुओं के जेवर चोरी करने के मामले में बुधवार को हिरासत में ली गईं तीनों महिलाओं से पुलिस ने सोने-चांदी के चोरी किए गए लाखों रुपये के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर उन्हें बृहस्पतिवार को न्यायालय में हाजिर किया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
नगला मघा गांव के अजय सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी के गले से कछियानी खेड़ा के हनुमान मंदिर परिसर में सोने की चेन चोरी हो गई। गोपालपुर ठठिउरा गांव के रणवीर ने बिरिया बाबा धाम के मेले में बहन के कान से कुंडल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। धार्मिक स्थानों पर इससे पहले भी महिलाओं के जेवर चोरी होने की कई घटनाएं हो चुकी थीं।
एसपी सौरभ दीक्षित के निर्देश पर सीओ इशिका सिंह ने अपनी देखरेख में पुलिस टीमें गठित कर चोरों की तलाश शुरू कराई। इसी क्रम में पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर बुधवार की शाम बिलहरी संपर्क मार्ग पर घेराबंदी कर तीन संदिग्ध महिलाओं को पकड़ लिया।
तीनों महिलाओं को थाने लाकर पुलिस ने उनसे पूछताछ की तो गैंग का खुलासा हो गया। हिरासत में ली गई महिलाओं की निशानदेही पर पुलिस ने श्रद्धालुओं से चोरी किए गए तमाम जेवर भी बरामद कर लिए। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के विजयपाल की पत्नी ज्ञानवती उर्फ गेंदावती, लक्ष्मण की पत्नी भूरा देवी और सुनील कुमार की पत्नी प्रियंका शामिल हैं।
सीओ इशिका सिंह ने बताया कि आरोपी महिलाओं से सोने का मांग टीका, नथडोरी, मंगलसूत्र, टॉप्स, लॉकेट, कुंडल, चेन सहित बच्चों के आभूषण और चांदी की पायलें आदि जेवर बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि तीनों आरोपी महिलाओं को न्यायालय से जेल भेज दिया गया है।