शाहजहांपुर। मामा की हत्या के आरोप में सजा काट रहे नाबालिग हत्यारोपी किशोर गृह से भाग गया। उसकी तलाश में एसपी राजेश द्विवेदी ने एसओजी, सर्विलांस समेत तीन टीमों को लगाया है। टीमों ने लखनऊ व उसकी रिश्तेदारियाें में तलाश की है, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका है।
लखनऊ निवासी किशोर, मामा की हत्या के आरोप में शाहजहांपुर किशोर गृह में निरुद्ध था। चार नवंबर की शाम साढ़े आठ बजे आवासीय कक्ष के पास बने पीछे के गेट से भाग गया था। हत्यारोपी के भागने की जानकारी होने पर किशोर गृह में कार्यरत कर्मचारी व होमगार्ड ने उसे रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस अड्डा, बरेली मोड़, हरदोई बाइपास, कांट तिराहा आदि स्थानों पर तलाश किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला था।
इसके बाद किशोर के माता-पिता से फोन पर बात की गई। नाबालिग वहां भी नहीं पहुंचा। इसके बाद राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) पिपरौला के प्रभारी अधीक्षक सुधीर सक्सेना ने थाने पहुंच गुमशुदगी दर्ज कराई थी। हत्यारोपी की पहचान व हुलिया के आधार पर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
19 दिन बीत जाने के बाद उसका सुराग नहीं लगा सका है। एसपी राजेश द्विवेदी ने उसकी तलाश में एसओजी समेत तीन टीमों को लगाया है। इससे पहले बालिका गृह से भी कई बार किशोरियां भाग चुकी हैं। हालांकि, उन्हें खोज लिया गया। आए दिन किशोर-किशोरियों के दीवार फांदकर भाग जाने के बाद भी पुख्ता सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। इससे सुरक्षा पर सवालियां निशान लग रहा है।
-
किशोर गृह अधीक्षक से स्पष्टीकरण किया तलब
जिला प्रोबेशन अधिकारी गौरव मिश्रा ने राजकीय सम्प्रेक्षण गृह किशोर के अधीक्षक सुधीर सक्सेना से स्पष्टीकरण तलब किया है। इसके साथ ही केयर टेकर आसाराम, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी देवेंद्र का किशोर नहीं मिलने तक वेतन रोक दिया गया है। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि किशोर गृह की निगरानी बढ़ा दी गई है।
किशोर न्यायालय से भागे किशोर की गुमशुदगी दर्ज है। किशोर की तलाश में एसओजी, सर्विलांस समेत तीन टीमें गठित की गई हैं। जांच में मिले सुराग के आधार पर दो टीमें गैरजनपद भेजी गई हैं।
- राजेश द्विवेदी, एसपी