शाहजहांपुर। संकुल शिक्षक ग्रुप पर एआरपी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाले सहायक अध्यापक समेत तीन शिक्षकों को बीएसए ने निलंबित कर दिया है। प्रकरण की जांच बीईओ को सौंपी है।
कलान विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय बाराकलां की शिकायत पर उपस्थिति पंजिका की फोटो मांगने पर सहायक अध्यापक हरीराम ने एआरपी के खिलाफ संकुल शिक्षक के व्हाट्सएप ग्रुप पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए टिप्पणी की थी। मामले में एआरपी सुशील कुमार, प्रदीप सिंह, राहुल, राजेंद्र कुमार पाल व शैलेंद्र सक्सेना ने बीईओ को साक्ष्य समेत शिकायत की। एआरपी ने कमेंट के स्क्रीनशॉट भी उपलब्ध कराए। बीएसए ने शिक्षक को निलंबित कर दिया है।
इसी तरह प्राथमिक विद्यालय अल्हापुर भावलखेड़ा की सहायक अध्यापक पूनम शुक्ला को विभागीय आदेशों का पालन नहीं करने के आरोप में निलंबित किया गया है। उन्होंने अपने अवकाश ले लिए थे। अतिरिक्त अवकाश लेने पर प्रार्थना पत्र निरस्त करते हुए अनुपस्थित दर्शा दिया था।
जलालाबाद। बीएसए ने अल्हागंज क्षेत्र के एक पूर्व माध्यमिक विद्यालय में इंचार्ज प्रधानाध्यापक रहे राधेश्याम शुक्ला को विद्यालय की रसोइयों के साथ अमर्यादित आचरण करने समेत विभिन्न आरोप जांच में सही पाए जाने पर निलंबित कर दिया है। आठ जनवरी को विद्यालय की रसोइयों ने राधेश्याम शुक्ला पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए निगोही, जलालाबाद व नगर के बीईओ से त्रिस्तरीय जांच कराई गई थी। जांच शुरू होने के दौरान 21 जनवरी को उन्हें ब्रह्म गौटियां स्थित विद्यालय में स्थानांतरित कर दिया गया था।