पुवायां। गांव बढ़ौरा निवासी तीन लोगों ने विदेश भेजने के नाम पर लगभग पांच लाख रुपये ठगी के आरोप में दंपती सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव के एहसान, मनमून, महताब ने पुलिस को बताया कि उन लोगों ने बंडा के गांव सिकंदरपुर के वारिस, आरिफ और वारिस की पत्नी हिना बानो को विदेश जाने के लिए रुपये दिए थे। मनमून खां ने अपने पुत्र वसी मोहम्मद को विदेश भेजने के लिए 90 हजार हिना बानो के बैंक एकाउंट में और एक लाख रुपये नकद दिए थे।
महताब खां ने हिना बानो के बैंक एकाउंट में 83 हजार और वारिस को एक लाख 10 हजार रुपये नकद, एहसान खान ने 90 हजार रुपये नकद और 18 हजार रुपये खाते में दिए थे। उन लोगों को विदेश नहीं भेजा गया और कई वर्ष हो जाने के बाद भी रुपये वापस नहीं किए जा गए।
अब आरोपियों ने उनको फर्जी कागजात बनाकर दे दिए हैं। पता चलने पर उन्होंने रुपये वापस करने के लिए कहा तो कुछ दिन में रुपये वापस करने की बात कही गई, इसकी रिकार्डिंग भी उनके पास मौजूद है। रुपये मांगने गए तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच कराई जा रही है।