जलालाबाद पुलिस की गिरफ्त में आरोपी जिलवा बीबी, छविनाथ और हुसैन अंसारी। स्रोत: पुलिस
जलालाबाद। पुलिस ने सोमवार की रात मिर्जापुर मार्ग पर कसारी पुलिया के पास से झारखंड की महिला जिलवा बीबी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 964 ग्राम अफीम बरामद की गई है।
सीओ दीपक कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए तस्करों में झारखंड प्रांत के जनपद लातेहर के थाना सदर के निवासी जिलवा बीबी व हुसैन अंसारी के अलावा जलालाबाद थाना क्षेत्र के गांव करदौला निवासी छविनाथ है। पूछताछ में पुलिस को जिलवा बीबी ने बताया कि उसका पति कबीर अंसारी जेल में है।
वह अपने बेटे हुसैन के साथ झारखंड से अफीम खरीदकर लाती है। वह छविनाथ को अफीम बेचने के लिए आई थी। बरामद की गई अफीम की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है। छविनाथ के खिलाफ चार मुकदमे पहले से ही दर्ज हैं। गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। संवाद