मीरानपुर कटरा। मलूकापुर गांव में शुक्रवार की रात गांव में पहले गेहूं बोआई करने पर खेत से ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर लौट रहे अनुसूचित जाति के सचिन जाटव को कुछ लोगों ने रास्ते में राेककर गालियां दीं। विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें ट्रैक्टर से नीचे उतारकर पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान सचिन को बचाने आए उनके छोटे भाई शिवम और बहन नीलम को भी हमलावरों ने पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। जहां शिवम को प्राथमिक उपचार देकर राजकीय मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया। इस मामले में शिवम की मां निर्मला देवी ने गांव के इंद्रजीत गंगवार, विश्राम गंगवार, यशपाल गंगवार आदि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने बताया कि रिपोर्ट लिखकर घटना की जांच शुरू कर दी गई है। संवाद