पुवायां में चोरी के बाद बक्सा दिखाती कृष्णपाल की पत्नी नीतू। संवाद
पुवायां। पुवायां के मोहल्ला कांशीराम नगर निवासी कृष्णपाल के मकान के ताले तोड़कर चोर तीन हजार की नकदी सहित तीन लाख का माल चोरी कर ले गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
कृष्णपाल ने बताया कि शुक्रवार रात वह खेत पर फसल की रखवाली करने गए थे। पत्नी नीतू देवी के मायके गए होने के कारण घर पर ताला पड़ा था। रात में चोरों ने ताला और कुंडी तोड़कर घर के बक्से में रखे तीन हजार रुपये, दो जोड़ी पायल, सोने के झाले, मंगलसूत्र, कपड़े, पीतल के बर्तन आदि सामान चोरी कर लिया।
घर आए तो कुंडी और ताला टूटा देख चोरी का पता चल सका। उन्होंने यूपी-112 पर कॉल कर चोरी की जानकारी दी। पुलिस ने मौका मुआयना कर कृष्णपाल से थाने जाकर तहरीर देने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने थाने आकर पुलिस को चोरी की जानकारी दी। तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज न कर जांच की बात कहते हुए टरका दिया।
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि पुलिस गश्त के लिए नहीं आती है, इस कारण असामाजिक तत्व घटनाओं को अंजाम देते रहते हैं। थाना प्रभारी रविकरन सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई कराई जाएगी।