भावलखेड़ा। सहकारी समिति, चांदापुर के सचिव नरेंद्र सक्सेना से लगभग तीन लाख रुपये लूटने का मामला सामने आया है। वह समिति से खाद बिक्री कर लौट रहे थे। तीन बाइकों आए चार-पांच बदमाशों ने टक्कर मारकर उनकी बाइक को गिरा दिया। इसके बाद तमंचे से सिर पर प्रहार कर बैग छीन ले गए। मामला आरसी मिशन और सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र की सीमा के बीच का बताया जा रहा है।
चौक कोतवाली इलाके के मोहल्ला आनंदपुरम काॅलोनी निवासी नरेंद्र सक्सेना सहकारी समिति, चांदापुर में सचिव हैं। सचिव के मुताबिक वह बृहस्पतिवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे खाद की बिक्री कर बाइक से वापस आ रहे थे। रास्ते में सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव सरौरा और आरसी मिशन क्षेत्र के गांव बिजलापुर के बीच तीन बाइक पर सवार होकर आए चार-पांच बदमाशों ने टक्कर मारकर बाइक को गिरा दिया। इसके बाद बैग छीनने लगे।
जब उन्होंने बैग नहीं दिया तो आरोप है कि एक बदमाश ने तमंचे को सिर पर मारकर घायल कर दिया। इससे वह लहूलुहान हो गए। इसके बाद बदमाश बैग छीनकर शहर की ओर भाग गए। बैग में खाद बिक्री के करीब तीन लाख रुपये होने की बात बताई। मामला दो थानों की सीमाओं के बीच का है। आरसी मिशन थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई गई है। वहीं सेहरामऊ दक्षिणी थाना प्रभारी उमेश मिश्रा ने मामले की जानकारी से इन्कार कर दिया।