मीरानपुर कटरा। नगर के मोहल्ला बंगशान में नेशनल हाईवे किनारे स्थित साधन सहकारी समिति पर डीएपी दिलाने के नाम पर अज्ञात युवक तीन किसानों से 12 हजार रुपये लेकर चले गए। पुलिस ने आरोपी की तलाश में समिति के आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली है।
कुशक गांव निवासी गुर्जर देवी, कमला देवी और ओमप्रकाश बुधवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे साधन सहकारी समिति पर डीएपी लेने के लिए बैठे थे। इसी दौरान समिति कार्यालय से बाहर निकले एक युवक ने उनसे डीएपी के लिए रुपये जमा करने के लिए कहा। उसकी बात पर तीनों किसानों ने चार-चार हजार रुपये दे दिए। रुपये लेने के बाद युवक वहां से चला गया।
कुछ देर बाद किसानों ने समिति के आंकिक प्रांजल सक्सेना से जानकारी ली तो उन्होंने समिति में डीएपी उपलब्ध ही नहीं होने की बात बताई। इस पर किसानों को ठगी का पता चला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। तिलहर सीओ विदुष सक्सेना ने बताया कि किसानों की ओर से थाने में अभी कोई सूचना नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।