अलविदा की नमाज में दुआ को उठे हजारों हाथ
रमजान के आखिरी जुमा को बड़ी संख्या में मुस्लिमों ने नमाज अदा की। इस दौरान सभी ने मुल्क व कौम की तरक्की और कामयाबी के लिए दुआ मांगी। पूरे दिन प्रमुख चौराहों समेत जामा मस्जिद समेत अन्य प्रमुख मस्जिदों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। शुक्रवार को जामा मस्जिद में सबसे अधिक तादाद में लोगों ने जुमा की नमाज अदा की। यहां दोपहर बाद नमाजियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। समय बढ़ने के साथ ही अंदर दालान और धीरे-धीरे आंगन लोगों से खचाखच भर गया। एक बजे के बाद बाहर के आहते में नमाजियों ने सफे बनाना शुरू किया और नमाज के समय तक यहां भारी संख्या में लोग पहुंच चुके थे। नमाज से पहले जामा मस्जिद के पेश इमाम मौलाना हुजूर अहमद मंजरी ने अपना संबोधन दिया। कहा: रमजान-उल-मुबारक माह में अल्लाह तआला अपनी बेशुमार रहमतें और बरकतें अपने बंदों पर लुटाता है। उन्होंने कहा कि हर साहिबे निसाब पर ढाई फीसदी जकात निकालना फर्ज है। इस मौके पर जामा मस्जिद कमेटी सदस्य आफाक अली खां ने भी विचार व्यक्त किए। तत्पश्चात मौलाना हुजूर अहमद मंजरी ने खुतबा पढ़ा, फिर दो रकात नमाज अदा की गई। आखिर में वतन और कौम की खुशहाली, तरक्की और भाईचारे की दुआ हुई तो आमीन की सदाएं गूंज उठीं। यहां नमाज अदा करने वालों में प्रमुख रूप से सपा जिलाध्यक्ष एवं चेयरमैन तनवीर खां, प्रबंध समिति ईदगाह सचिव सैयद कासिम रजा, सैयद अनवर सईद, मोहम्मद इदरीस, मिर्जा आसिफ बेग सहित हजारों लोग मौजूद रहे।
अलविदा की नमाज शांतिपूर्वक हुई
जुमा की नमाज शुक्रवार को शांतिपूर्वक ढंग से नगर के अनेक हिस्साें में अदा की गई। मोहल्ला कच्चा कटरा स्थित बड़ी मस्जिद में हाफिज मतीन ने तमाम लोगाें को नमाज अदा करवाई। मोहल्ला चौहटियां स्थित जामा मस्जिद में मौलाना शखावत हुसैन, शखावत ने ईदगाह बाली मस्जिद में, मौलाना अकील ने जेल बरगद बाली मस्जिद में कारी इदरीस रजा ने, बाजार बाली मस्जिद में मौलाना इमरान बिरियागंज बाली मस्जिद में मुफ्तीयाद अली ने नमाज अदा करवाई तथा कौम व मुल्क की तरक्की के लिये दुआ मंागी। इस दौरान मस्जिदाें के आस पास बड़ी सख्ंया में महिला कांस्टेबिल व पुलिस बल तैनात रहा। कोतवाल दयाचंद्र शर्मा व सीओ सुरक्षा की दृष्टि से नगर में दौरा करते रहे।
जलालाबाद। ग्रामीण तथा नगर क्षेत्र की मस्जिदों में अलविदा जुमे की नमाज अदा की गई। इस दौरान सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए। नमाज के पहले गांव याकूबुपर की मस्जिद के इमाम मौलाना मकसूद व जहीर हसन खां और रोजेदार व नमाजियों ने कौम व देश की तरक्की के लिए अल्लाह से दुआ की। नमाज के दौरान एसडीएम लाल बहादुर, सीओ उमेश र्श्मा, केातवाल केके तिवारी पुलिस बल के साथ बराबर गश्त करते रहे।